जयपुर। दो धुर विरोधी पाटियों के तीन दिग्गज नेता जल्द ही रिश्तों की डोर में बंध जाएंगे। कश्मीर की प्रिंसेज और वसुंधरा राजे की नातिन मृगंका सिंह का रिश्ता पटियाला राजघराने से जुड़ने जा रहा है। इसके बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बीरभद्र सिंह एक-दूसरे के रिश्तेदार हो जाएंगे। इस बीच मंगलवार को दिल्ली में डॉ. कर्ण सिंह के निवास पर आयोजित समारोह में मृगंका की सगाई निर्वाण सिंह से हो गई। दोनों शाही परिवार एक दूसरे को चार पीढ़ियों से जानते हैं और आपस में दोनों परिवारों के घनिष्ठ संबंध रहे हैं।
रिश्तों के तार को कुछ इस तरह से समझा जा सकता है। वीरभद्र सिंह के दामाद के छोटे भाई निर्वाण सिंह की शादी वसुंधरा राजे की भतीजी की बेटी मृगंका सिंह के साथ होने जा रही है। वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी के बेटे हैं। यानी अमरिंदर सिंह के नवासे हैं। मृगंका के पिता का नाम विक्रमादित्य सिंह और मां का नाम चित्रांगदा सिंह है।
चित्रांगदा ग्वालियर के महाराजा रहे माधवराव सिंधिया की बेटी और ज्योतिरादित्य की बहन हैं। वसुंधरा राजे माधवराव सिंधिया की बहन हैं और ज्योतिरादित्य की बुआ हैं। निर्वाण सिंह की मां का नाम जय इंदर कौर है और वह अमरिंदर सिंह की बेटी हैं। निर्वाण सिंह के भाई अंगद सिंह की शादी विगत वर्ष वीरभद्र सिंह की पुत्री अपराजिता कुमारी के साथ हुई थी। (naidunia.jagran.com)