देश भर में कोरोना वायरस का दायरा फैलता जा रहा है। एक के बाद एक नए मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।अबतक देश में कुल 195 मामले सामने आए हैं, जिनमें 163 भारतीय हैं, जबकि 32 विदेशी नागरिक हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के कोल्हापुर (Kolhapur) में खुले में छींकने के कारण युवक को पीटने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एक शख्स दोपहिया गाड़ी से जा रहा था, इस दौरान उसने खुले में छींक दिया, जिस कारण लोगों ने उसे मारा। इस घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज में हुआ। कोल्हापुर के गुजरी इलाके में हुई यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। हालांकि स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई
शुक्रवार सुबह नौ बजे तक के आंकड़े
कुल संक्रमित 195 | भारतीय 163 | विदेशी 32 |
राज्य | कुल संख्या | भारतीय | विदेशी | ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 47 | 44 | 3 | 0 |
केरल | 28 | 26 | 2 | 3 |
हरियाणा | 17 | 3 | 14 | 0 |
दिल्ली | 17 | 16 | 1 | 3 |
यूपी | 19 | 18 | 1 | 9 |
कर्नाटक | 15 | 15 | 0 | 0 |
राजस्थान | 7 | 5 | 2 | 3 |
लद्दाख | 10 | 10 | 0 | 0 |
तमिलनाडु | 3 | 3 | 0 | 1 |
जम्मू-कश्मीर | 4 | 4 | 0 | 0 |
पंजाब | 2 | 0 | 0 | 0 |
तेलंगाना | 16 | 7 | 9 | 1 |
आंध्र प्रदेश | 2 | 2 | 0 | 0 |
ओडिशा | 1 | 1 | 0 | 0 |
उत्तराखंड | 1 | 1 | 0 | 0 |
पश्चिम बंगाल | 1 | 1 | 0 | 0 |
चंडीगढ़ | 1 | 1 | 0 | 0 |
पुड्डुचेरी | 1 | 1 | 0 | 0 |
गुजरात | 2 | 2 | 0 | 0 |
छत्तीसगढ़ | 1 | 1 | 0 | 0 |
वीडियो में देखा जा सकता है बाइक सवार शख्स को एक अन्य बाइक सवार ने रोका और उससे पूछा कि आखिर उसने खुले में क्यों छींका, उसे अपना मुंह ढकना चाहिए था वरना इससे कोरोना वायरस फैल सकता है। इतनी सी बात पर दोनों में तनातनी हो गई, जिसके बाद छींकने वाले की दूसरे शख्स ने पिटाई कर दी। इस घटना की वजह से कुछ देर तक ट्रैफिक जाम भी हो गया और कई गाड़ियां रुकी रहीं।
इसी बीच महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये तीनों पिंपरी-चिंचवाड़, पुणे और मुंबई से हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब बढ़कर 52 हो गई है।