रामपुर में बनी उप्र की सबसे बड़ी मस्जिद, एक लाख लोग पढ़ सकते हैं नमाज़

रामपुर। उप्र के कैबिनेट मंत्री आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में प्रदेश की सबसे बड़ी और खूबसूरत मस्जिद बन रही है। इसमें दुनिया की अन्य खूबसूरत मस्जिदों की नक्काशी की तर्ज पर काम चल रहा है। कोसी नदी के किनारे निर्माणाधीन इस मस्जिद में एक साथ एक लाख लोग नमाज पढ़ सकेंगे।

मस्जिद-ए-उमर नाम से बन रही दो मंजिला मस्जिद की मीनार 125 फीट ऊंची है। इसमें लिफ्ट भी लगेगी। इमारत बन चुकी है, फर्श व दीवारों पर सफेद पत्थर लगाने का काम चल रहा है। दीवारों पर कुरआन की आयतें लिखी जा रही हैं। 250 क्विंटल सरिया से तैयार गुंबद को तुर्की और ईरान की मस्जिदों की तरह स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। फिलहाल इसमें चालीस हजार लोग एक साथ नमाज पढ़ सकेंगे।

यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक अधिकारी अकबर मसूद बताते हैं कि इसमें दुनिया की अन्य खूबसूरत मस्जिदों की तरह नक्काशी की जा रही है। मस्जिद-ए-नब्बी की तरह छतरी भी बनेगी, जो वातानुकूलित होगी। इसके बाहर लॉन के साथ ही बगीचे भी बनाए जा रहे हैं।

दिल्ली की जामा मस्जिद और भोपाल की ताज-उल मस्जिद देश की बड़ी मस्जिदें हैं। दिल्ली की जामा मस्जिद में करीब 25 हजार लोग एक साथ नमाज पढ़ते हैं, लेकिन यूनिवर्सिटी की मस्जिद की क्षमता एक लाख लोगों की होगी।

विज्ञापन