इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित कर दिये गए है। लगातार दूसरे साल अध्यक्ष पद पर समाजवादी छात्रसभा(सछास) के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी अतेंद्र सिंह को हराया। उदय प्रकाश को 3698 वोट मिले जबकि अतेंद्र सिंह 2924 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के अखिलेश यादव विजयी रहे। अखिलेश को 2157 वोट मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे नितेश सिंह राजपूत को 1842 वोट मिले। महामंत्री का पद एबीवीपी को मिला। एबीवीपी के शिवम सिंह ने 2823 मतों के साथ इस पद को हासिल किया। दूसरे स्थान पर राहुल कुमार यादव रहे उन्हें 2553 वोट मिले। सांस्कृतिक मंत्री का पद भी एनएसयूआई को मिला।
वहीं, रात को नतीजे आते ही आगजनी और हिंसा हुई। इस हिंसा में एक इंस्पेक्टर सहित कई पुलिसकर्मी घायल हैं। वहीं, उपद्रवियों ने निवर्तमान और नवनिर्वाचित अध्यक्ष के हॉस्टल रूम में भी आग लगा दी। केपीयूसी हॉस्टल के पास बम के धमाके किए गए। परिसर में एक के बाद एक ताबड़तोड़ बम फोड़कर वहां दहशत फैला दी।
समाजवादी छात्रसभा के नेताओं की ओर से एबीवीपी के अध्यक्ष पद प्रत्याशी अतेंद्र सिंह समेत 12 नामजद लोगों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी नितिन तिवारी के मुताबिक तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि एसएसपी ने गिरफ्तार किए गए छात्र नेताओं के नाम का खुलासा नहीं किया है।
उनके मुताबिक अन्य नामजद आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसएसपी ने कहा है कि आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई भी की जायेगी।
चुनाव परिणाम :
पद | विजयी | कितने वोट मिले | पार्टी |
अध्यक्ष | उदय प्रकाश यादव | 3698 वोट | समाजवादी छात्रसभा |
उपाध्यक्ष | अखिलेश यादव | 2157 वोट | एनएसयूआई |
महामंत्री | शिवम सिंह | 2823 वोट | एबीवीपी |
उपमंत्री | सत्यम सिंह सैनी | 3199 वोट | समाजवादी छात्रसभा |
सांस्कृतिक मंत्री | आदित्य सिंह | 1832 वोट | एनएसयूआई |