पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा आगामी लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। दरअसल दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की और से उन्हे AAP के टिकट पर चुनाव लड़ने का ऑफर मिला है।
बता दें कि शनिवार को आम आदमी पार्टी ने चुनावी अभियान की शुरुआत के लिए नोएडा में रैली आयोजित की थी। इस रैली में बीजेपी नेता शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्हा भी शामिल हुए थे। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘यशवंत सिन्हा जी आप कुछ समय पहले कह चुके हैं कि आप चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि अगर आप जैसे अच्छे लोग चुनाव नहीं लड़ेंगे तो फिर चुनाव लड़ेगा कौन?’
इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं जानता से पूछता चाहता हूं कि क्या यशवंत सिन्हा जी को चुनाव लड़ना चाहिए?’ जनता ने कहा ‘हां लड़ना चाहिए’। बताया जा रहा है कि आदमी पार्टी की योजना सिन्हा को नई दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने की है।
शत्रुघ्न सिन्हा के बारे में बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि “शत्रुघ्न सिन्हा जी तो चुनाव लड़ेंगे।” केजरीवाल ने फिलहाल किसी भी संसदीय क्षेत्र का नाम नहीं लिया। ध्यान रहे आम आदमी पार्टी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए कुल 7 सीटों में से 5 पर अपने प्रभारी नियुक्त कर चुकी है। जो असल में पार्टी के उम्मीदवार हैं। लेकिन 2 सीटों पर अभी प्रभारी की घोषणा होना बाकि है।
इस दौरान बीजेपी पर हमलावर होते हुए सिन्हा ने कहा, “देश की राजनीति बदल रही है और चारों तरफ झूठ बोला जा रहा है। मीडिया पर केंद्र सरकार का कंट्रोल है। देश के सर्वोच्च पद पर बैठा हुआ आदमी झूठ बोल रहा है और ऐसा जानबूझ कर कर रहा है।” सिन्हा ने कहा कि अब भारत की जनता झूठ को बर्दाश्त नहीं करेगी।