अपने विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री और बिहार से भाजपा सांसद अश्विनी चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए बेहद अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। चौबे ने राहुल गांधी को नाली का कीड़ा बताया।
चौबे ने सासाराम में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते-करते राहुल गांधी को ‘नाली का कीड़ा’ बता दिया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री गगन के जैसा और जो आज का कांग्रेस अध्यक्ष हैं उनका आकार कैसा, नाली के कीड़े जैसा।” अश्विनी चौबे यहीं नहीं रूके, उन्होंने राहुल गांधी को मानसिक बीमार भी बताया।
उन्होंने कहा कि, “राहुल गांधी को मेंटल सिजोफ्रेनिया की बीमारी है। वो जिस तरह की बात करते हैं, उससे लगता है कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। राहुल गांधी अपने आप को महान और बौद्धिक बताते हैं और दूसरों के लिए अपशब्द का इस्तेमाल करते हैं। उन्हें मेंटल अस्पताल में भर्ती करना चाहिए।”
Pradhan mantri gagan ke jaisa, aur jo aaj ka Congress ka adhyaksh hai unka aakaar kaisa, naali ke keede jaisa: MoS Health Ashwini Kumar Choubey in Bihar's Sasaram pic.twitter.com/a4CLJEWld0
— ANI (@ANI) September 1, 2018
चौबे ने कहा कि मोदी जी राफेल सौदे पर झूठ बोल रहे हैं। मैं उनसे काफी आहत हूं। ऐसा वही व्यक्ति कह सकता है जो Schizophrenia बीमारी से पीड़ित है। मुझे लगता है कि उन्हें मेंटल अस्पताल में भर्ती करना चाहिए। उन्होने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जनक है। यह कोई महागठबंधन नहीं है, बल्कि महाठगबंधन है। भारत को प्रगतिशील प्रधानमंत्री की जरूरत है और महान और प्रगतिशील भारत बनाने के लिए पूरा देश एक है। इसलिए हम भी एक हैं। हम एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।
अश्विनी चौबे के राहुल गांधी पर दिये विवादित बयान की निंदा करते हुए बिहार कांग्रेस अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि इस तरह के बयान उनकी मानसिक स्थिति को बताता है। भाजपा आलाकमान को इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए और अश्विनी चौबे को राहुल गांधी से माफी मांगनी चाहिए।