भोपाल । भाजपा का गढ़ समझे जाने वाले मध्य प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले है। यहाँ पीछले 15 साल से भाजपा की सरकार है। या यूँ कहे की पीछले तीन कार्यकाल से शिवराज सिंह चौहान यहाँ मुख्यमंत्री है। लेकिन इस बार की राह आसान नही है। शिवराज को 15 सालों की एंटी इंकमबेंसी और किसानो के ग़ुस्से का सामना करना पड़ सकता है। इन सबके बीच नगर निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन से आगामी विधानसभा चुनावों का अन्दाजा लगाया जा सकता है।
फ़िलहाल नगर पालिका चुनाव की मतगणना जारी है। इन चुनावों को विधानसभा चुनावों से पहले सेमी फ़ाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। उम्मीद थी की भाजपा इन चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी। क्योंकि ख़ुद शिवराज ने इन चुनावों को गम्भीरता से लिया था और कई जगह पर ख़ुद चुनाव प्रचार के लिए भी गए थे। इनमे से एक नगर पालिका है गुना जिले की राधोगढ़ नगर पालिका।
यह नगर पालिका कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह का क्षेत्र माना जाता है। इसलिए शिवराज ने यहाँ भाजपा को जीत दिलाने के लिए रोड शो तक किए। लेकिन ताज़ा परिणामों में भाजपा के लिए निराशा ही हासिल हुई है। अभी तक की मतगणना के अनुसार भाजपा को 24 में से केवल 4 वार्डों में ही जीत हासिल हुई है। जबकि कांग्रेस ने प्रचंड जीत हासिल करते हुए 20 वार्डों पर क़ब्ज़ा किया है।
बताते चले की आज सुबह 9 बजे से नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतराज संस्थाओं के लिए हुए चुनाव की मतगणना चल रही है। अभी तक की जानकारी के अनुसार नगरपालिका में अध्यक्ष पद हुए चुनाव परिणामों में बीजेपी 6 और कांग्रेस ने 2 तथा निर्दलीय ने एक सीट पर बाजी मारी है। जबकि भाजपा के 67 , कांग्रेस के 54 और 8 निर्दलीय सभासदो ने जीत हासिल की है।