गोडसे की पूजा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें राज्य: राजनाथ सिंह

संसद में सिंह ने कहा कि कोई कैसे नाथूराम गोडसे की पूजा कर सकता है? गांधी हत्या पर जश्न मनाने वालों के खिलाफ कदम उठाए जाने चाहिए।

मोदी सरकार ने गोडसे की पूजा करने वालों से गुरुवार को दूरी बना ली है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह संसद में कहा कि महात्मा गांधी के हत्यारे की पूजा करने वालों के खिलाफ राज्य सरकारों को सख्त कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई कैसे नाथूराम गोडसे की पूजा कर सकता है? केंद्र ने गांधी ही हत्या पर जश्न मनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने से किसी राज्य को नहीं रोका है। गौरतलब है कि विपक्ष ने हिंदू महासभा द्वारा गोडसे के मंदिर बनाए जाने और भाजपा सांसद साक्षी महाराज द्वारा उसे कथित तौर पर राष्ट्रवादी बताए जाने के बाद मोदी सरकार पर निशाना साधा था।

सिंह सदन में केंद्रीय मंत्री आरएस कथेरिया पर लगे भड़काऊ बयान देने के आरोप पर हो रही बहस के दौरान यह बात कही। साथ ही सिंह ने कथेरिया को क्लिनचिट दे दी। कथेरिया पर आरोप है कि उन्होंने आगरा में एक वीएचपी कार्यकर्ता की शोकसभा में एक समुदाय के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया था। सिंह ने कहा कि कथेरिया के भाषण की सीडी मैंने देखी है, उसमें कहीं भी किसी समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक नहीं बोला गया है।

विपक्ष ने मोदी सरकार पर भाजपा नेताओं द्वारा दिए जाने वाले विवादित बयानों को लेकर निशाना साधा। कांग्रेस सांसद राज बब्बर ने आरोप कि भाजपा के नेता नफरत की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने सांसद साक्षी महाराज, कर्नाटक सांसद आनंद कुमार और अन्य राज्यों के भाजपा विधायकों के बयानों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया। (Jansatta)

विज्ञापन