आज पेश होगा रेल बजट, बढ़ाई जा सकती प्रीमियम ट्रेनों की संख्या

देश का रेल बजट आज पेश होगा। सुरेश प्रभु के सामने जनता की उम्मीदों और रेल की वित्तीय सेहत सुधारने की चुनौती है। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या होगा इस बार? मोदी सरकार में दूसरी बार रेल बजट पेश करने जा रहे सुरेश प्रभु आपको क्या सौगात देंगे ? बजट पेश करने से पहले ही हम आपके लिए वो बड़ी खबरें लाए हैं जो इस बार रेल बजट में हो सकती हैं….

रेल बजट की बड़ी बातें

रेल मंत्री सुरेश प्रभु अपनी तरफ से दूसरा रेल बजट पेश करने वाले हैं। जिस देश में ऑस्ट्रेलिया की जनसंख्या के बराबर लोग रोज सिर्फ ट्रेन से सफर करते हैं उस देश का रेल बजट अपने आप में हमेशा खास होता है। दुनिया की चौथी सबसे बड़ी रेल सेवा देने वाले भारत में सबकी निगाह लगी हुई है कि प्रुभ के पिटारे में हमारे लिए क्या होगा ?

– भारतीय रेल में रोज करीब दो करोड़ तीस लाख लोग सफर करते हैं। हर साल 72 करोड़ लोग भारतीय रेल के मुसाफिर बनते हैं। इसीलिए रेल बजट में सबसे बड़ी खबर होती है क्या किराया बढ़ेगा। प्रभु आपको खुशखबरी देने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक रेल बजट में यात्री किराए की बढ़ोतरी नहीं होगी। सूत्रों का कहना है कि यात्री किराए में 10 फीसदी बढ़ोतरी करने पर भी रेलवे को सिर्फ 4500 करोड़ की अतिरिक्त आमदनी होगी, लेकिन इससे बजट को लेकर सकारात्मक माहौल को झटका लग सकता है। इसलिए खबर है कि रेल किराया सुरेश प्रभु ना ही बढ़ाएं।
– रेल बजट की दूसरी न्यूज़ भी आपकी जेब से जुड़ी हुई है। मौजूदा मोदी सरकार सत्ता में आने के बाद दो बार यात्री किराया बढ़ा चुकी है। पहली बार तो सरकार ने सीधे-सीधे 14 फीसदी किराया बढ़ा दिया था। और दूसरी बार इनडायरेक्ट तरीके से यात्री किराया बढ़ाया था। लेकिन खबर है इस बार सरकार यात्री किराया नहीं बढ़ाकर दूसरे तरीके से अपनी जेब भरेगी। पहली बार रेलवे कस्टमाइज्ड विकल्प की सुविधआ लेकर आएगी। यानी सुविधाएं ऑपश्नल होंगी, आपको कीमत चुकानी होगी। जैसे ट्रेन में 250 रुपए देकर आप ऐसा कंबल, चादर, तकिया पाएंगे जो घर भी ला जा सकते हैं। प्रीमियम किराया देकर मनपसंद सीट चुनने का विकल्प भी आ सकता है। बुजुर्गों और बच्चों को किराये में मिलने वाली छूट कम की जा सकती है।

– रेल बजट की तीसरी न्यूज़ आपको मिलने वाली सुविधाओं से जुड़ी है। प्रभु इस बार रेल बजट में आपको मिलने वाली सुविधाओं का खास ख्याल जो रखने वाले हैं। आप खाने की शिकायत कम करें इसके लिए आपको ज्यादा च्वाइस दी जाएंगी। रेडी टू इट खाने के अलावा इ कैटरिंग में हल्दीराम, चायोस, फूड पांडा, डोमिनोज का ऑप्शन दिया जाएगा। आईआरसीटीसी पर टिकट के साथ साथ आप पानी भी बुक कर सकेंगे। रेलवे कुछ ऐसे ट्रेन कोच भी तैयार कर रहा है, जिसमें कॉफी चाय की वेंडिग मशीन लगी होगी। पैसे दे कर आप उसकी सुविधा का आनंद उठा पाएंगे।
– रेल बजट की चौथी न्यूज़। पिछली बार की तरह इस बार भी रेल मंत्री सुरेश प्रभु कोई नई ट्रेन की सौगात नहीं दे सकते हैं। लेकिन हां सुविधा और सहूलियत के हिसाब से जब जरुरी समझा जाएगा तब रेलवे आपको नई ट्रेन का तोहफा दे सकता है। पिछले साल बिना एक भी नई ट्रेन की घोषणा किए रेलवे ने 17 नई ट्रेन चलाई और 900 डिब्बे ट्रेने में जोड़े थे।
– रेल बजट में इस बार प्रीमियम ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। जिस तरह महामना एक्सप्रेस शुरू हुई है, उसी तरह सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल या दीनदयाल उपाध्याय के नाम से स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। सुपरफास्ट रूट का एलान किया जा सकता है। इनमें बेंगलुरु-चेन्नई, दिल्ली-चंडीगढ़, दिल्ली-लखनऊ, दिल्ली-पटना, कोलकाता-हल्दिया शामिल हो सकते हैं। (News24)

विज्ञापन