पाकिस्तान ने दिखाया रंग, पकडे 12 भारतीय मछुआरे

Pak Captured 12 Indian Fishermen Near Gujrat Coast

अहमदाबाद –पाकिस्तान ने रविवार को गुजरात तट के नजदीक 12 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। इन मछुआरों की दो नौकाओं को भी जब्त कर लिया गया और इन्हें कराची ले जाया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले ही भारतीय तट रक्षकों ने कच्छ के जखाउ तट से 11 पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया था।

नैशनल फिशवर्क्स फोरम (एनएफएफ) के सचिव मनीष लोधारी ने बताया कि पाकिस्तान मैरीटाइम सिक्यॉरिटी एजेंसी (पीएमएसए) ने इन मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्र सीमा रेखा के पास गिरफ्तार किया है।

ये मछुआरे पांच-छह दिन पहले गुजरात के द्वारका जिला स्थित तटीय शहर ओखा से रवाना हुए थे। लोधारी ने बताया, ‘यहां लौटे मछुआरों से हमें इस घटना का पता चला। हमें बताया गया कि मछली पकड़ने की दो नौकाओं पर सवार 12 मछुआरों को पीएमएसए ने पकड़ लिया है और उन्हें कराची ले जाया गया है।’

पीएमएसए ने पिछले साल जनवरी, मार्च, अप्रैल और अक्तूबर में गुजरात के कम से कम 198 मछुआरों को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने की 35 नौकाएं जब्त कीं। मौजूदा समय में करीब 440 भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी की विभिन्न जेलों में कैद हैं और इनमें से अधिकतर गुजरात से हैं। इसके अलावा मछली पकड़ने की तकरीबन 860 नौकाएं पाकिस्तान के कब्जे में हैं।

विज्ञापन