अपनी ही शिष्या के साथ बलात्कार के मामले मे फंसे दाती महाराज के खिलाफ अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मानव अंगों की तस्करी के आरोपों की जांच कर दी है।
मानव अंगों की तस्करी के आरोपों की जांच पर उनके ही पूर्व सेवादार सचिन जैन ने आरोप लगाया था कि पाली जिले के बागावास में निमार्णाधीन अस्पताल से मानव अंगों की तस्करी की गई थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की जांच टीम ने अस्पताल का दौरा किया तथा तथ्य जुटाए।
सचिन जैन ने क्राइम ब्रांच के सामने आरोप लगाया था दाती ने मानव अंगों की तस्करी करने के लिए बागावास में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निर्माण कराया है। जैन के आरोपों के बाद टीम उनकी सत्यता जांचने के लिए वहां भी गई।
इसके अलावा क्राइम ब्रांच दाती महाराज के पाली स्थित आश्रम में मौजूद लड़कियों से पूछताछ कर रही है। आश्रम में कुल 44 लड़कियां हैं जिनमें से 22 से शुक्रवार को पूछताछ हो चुकी है। बाकी लड़कियों से पुलिस आज पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को पुलिस ने पाली स्थित आश्रम की जिन लड़कियों के बयान दर्ज किए, उनमें वे लड़कियां भी हैं जो 7 जनवरी 2016 को पीड़िता के साथ दिल्ली स्थित आश्रम के लिए निकली थीं।
उन्होंने बताया कि उस समय पीड़िता अजमेर से MCA कर रही थी। लिहाजा पाली स्थित आश्रम से लड़कियां अजमेर होते हुए पीड़िता को लेकर दिल्ली के आश्रम पहुंची थीं। ये सभी लड़कियां घटना वाले दिन यानी 9 जनवरी, 2016 को दाती महाराज के दिल्ली स्थित आश्रम में मौजूद थीं।