नई दिल्ली: असम में विदेशी ट्रिब्यूनलों में संदिग्ध मतदाताओं के कुल 83,008 मामले लंबित हैं, जबकि पिछले पांच वर्षों में 86,756 अन्य को विदेशी घोषित किया जा चुका है। रविवार को लोकसभा में ये जानकारी दी गई।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि वर्तमान में विदेशी ट्रिब्यूनल (एफटी) असम में ही काम कर रहे हैं। उन्होंने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, “असम सरकार ने सूचित किया है कि असम में संदिग्ध मतदाताओं की संख्या 83,008 और 2015 से 30 जून, 2020 तक असम में विदेशी लोगों की संख्या 86,756 है।”
राय ने कहा कि राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा अवैध प्रवासियों या विदेशियों को हिरासत में लेने की आवश्यकता के अनुसार हिरासत केंद्र स्थापित किए जाते हैं, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है उन्हे अपने मूल देश को निर्वासित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा स्थापित किए गए हिरासत केंद्रों की संख्या के साथ-साथ हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिकों की संख्या को केंद्र में नहीं रखा गया है।