रियाद.सऊदी अरब में महिलाओं की ड्राइविंग पर सालों से लगा प्रतिबंध रविवार को हटा लिया गया है। अब महिलाएं आधिकारिक तौर पर सड़कों पर कार चला सकेंगी। इस प्रतिबंध के हटने के बाद 1.51 करोड़ महिलाएं पहली बार सड़कों पर गाड़ी लेकर उतरने में सक्षम हो सकेंगी।
अल जजीरा की रिपोर्ट से मुताबिक इस महीने की शुरुआत में ही महिलाओं के नाम पर यहां पहली बार ड्राइविंग लाइसेंस देने शुरु हुए हैं। बीते सितंबर महीने में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की ओर से इस काम के लिए आदेश जारी किया गया था।
जेद्दाह की एक महिला हम्सा अल-सोनोसी ने कहा, “मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं अपनी जिंदगी में इस दिन को देख पाउंगी।” जेद्दाह महिलाओं को लाइसेंस देने वाला देश का दूसरा शहर है। उन्होंने कहा, “लोग इस दिन के लिए विदेशों से वापस आ रहे हैं। यह ऐतिहासिक है।”
As #SaudiArabia lifts its longstanding ban on women drivers, women seen driving for the first time. Visuals from Riyadh pic.twitter.com/Gy5HlnhPUP
— ANI (@ANI) June 24, 2018
गौरतलब है कि सऊदी अरब में करीब तीन साल पहले ही महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला था। सऊदी अरब में दिसंबर 2015 में नगरपालिका चुनाव शुरू हुए, जिसमें महिलाओं ने पहली बार मतदान किया।
प्रिंस सलमान ने अपने विजन 2030 के तहत के देश में महिलाओं को अपनी मर्जी से बिजनेस शुरू करने के अधिकार दिए हैं। इसके अलावा महिलाओं के स्टेडियम में जाने पर लगे प्रतिबंध को भी हटा दिया है।