खुद का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में दुबई, बनाएगा बुर्ज खलीफा से भी ऊंची इमारत

दुनिया की सबसे ऊंची इमारतों की सूची में दुबई बुर्ज खलीफा का नाम सबसे ऊपर आता है, लेकिन अब दुबई एक बार फिर से अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में है। दुबई में बुर्ज खलीफा को मात देने वाली उससे भी ऊंची इमारत बनाने की तैयारी की जा रही है।

दुबई के सबसे बड़े रियल एस्टेट डेवलपर्स एम्मार ने हाल ही में एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि वह एक नए टावर की स्थापना करेगा, जिसकी ऊंचाई दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा से भी ज्यादा होगी।
गौरतलब है कि बुर्ज खलीफा की ऊंचाई 828 मीटर यानि करीब 2717 फुट है, जो फिलहाल दुनिया की सबसे उंची इमारत है। बुर्ज खलीफा का दुनिया की सबसे ऊंची इमारत होने का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए बनने वाली ये नई इमारत इससे भी अधिक ऊंची होगी। सूत्रों के मुताबिक इस नई इमारत की स्थापना में 1 अरब अमेरिकी डॉलर लगाए जाएंगे।
ये बिल्डिंग आइफिल टॉवर के आकार में बनाई जाएगी। इसमें कई खासियतें जोड़ी जाएंगीं। जैसे कि घूमते गार्डेन, घूमती बालकनी आदि। इसे दुबई क्रीक के बीचोबीच बनाया जाएगा। ये किसी पांरपरिक स्काईस्क्रेपर की तरह नहीं होगा। इसमें हर चीज केबल सर्पोटड होगा। ये झूलती हुई होगी। इस नई इमारत का नाम क्या होगा ये अभी तय नहीं किया गया है। पर अभी तक इसे टावर प्रोजेक्ट का नाम दिया गया है।
एम्मार प्रापर्टीज के चेयरमैन मोहम्मद अलाबर ने कहा कि अभी हम इस टावर की ऊंचाई के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे रहे हैं। जब हम इस टावर को खोलेंगे, तभी इसकी उंचाई के बारे में बताएंगे। फिलहाल इतना कहना काफी होगा कि इसकी ऊंचाई बुर्ज खलीफा से भी अधिक होगी। (firstindianews.com)

विज्ञापन