ब्राजील की नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में मीका सिंह दुबई में गिरफ्तार

ब्राजील की 17 साल की मॉडल द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोप में दुबई पुलिस ने गुरुवार को मीका सिंह को गिरफ्तार किया है। मीका सिंह को गिरफ्तार करके मुरक्काबात पुलिस थाने में रखा गया है।

बताया जा रहा है कि उन्हें बुधवार और गुरुवार की रात में करीब तीन बजे दुबई की पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। मीका पर ब्राजील की इस लड़की को आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने का आरोप है। इस मामले में नाबालिग ने पुलिस में खुद शिकायत दर्ज कराई है।

‘गल्फ न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मीका यहां पर एक पार्टी में कार्यक्रम के लिए आए हुए थे। मॉडल की ओर से दर्ज कराई गई इस शिकायत में कहा गया है कि गायक ने उसे बॉलीवुड में काम का भी वादा किया था। मीका ने दो दिन पहले इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने दुबई में होने का ऐलान किया था। वह किसी अवॉर्ड शो में हिस्सा लेने के लिए दुबई गए थे।

मीका पहले भी अपने विवादों के कारण जाने जाते रहे हैं। इसके पहले 2015 में दिल्ली में एक कार्यक्रम में एक डॉक्टर पर हाथ उठाने के लिए भी उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

इसके अलावा 2014 में उनपर हिट एंड रन का केस दर्ज किया गया था, जब उन्होंने कथित तौर पर अपनी गाड़ी एक ऑटो रिक्शा से टकरा दी थी। इससे पहले 2006 में राखी सावंत ने जबरन किस करने के लिए उन पर केस दर्ज कराया था।

विज्ञापन